पलवल, सिविल सर्जन डा. ब्रह्मदीप ने मेंटल हेल्थ के बारे में बताते हुए कहा कि यह कहना गलत नहीं होगा कि वर्तमान में मन के हाल सभी के बिगड़े हुए हैं। तनाव और भागमभाग भरे इस माहौल में लोग खुश रहने के तमाम उपाय कर रहे हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्रकृति के सानिध्य में कुछ समय बिताने से मन को खुश किया जा सकता है। वैज्ञानिक भी इसकी पुष्टि कर चुके हैं। शोध में पाया गया है कि प्रकृति के बीच बागवानी या एक्सरसाइज करने से मन को न केवल खुश किया जा सकता है, बल्कि बेचैनी भी दूर होती है और मन बेहतर महसूस करता है। इंसान मानसिक समस्याओं से दूर रहता है। इंग्लैंड देश की यार्क यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता अपने रिसर्च में यह दावा कर चुके हैं।
यह होता है असर
डा. ब्रह्मदीप ने बताया कि प्रकृति के बीच एक्टिविटी करने से इंसान की मानसिक सेहत पर बहुत अच्छा असर पड़ता है। यह जानने के लिए रिसर्च की गई। इसमें सामने आया कि 8 से 12 हफ्ते के बीच अगर कोई इंसान अपना 20 से 90 मिनट तक का समय प्रकृति के बीच बिताता है, तो मानसिक तौर पर वह बेहतर महसूस करता है। रिसर्च में यह साबित हुआ है कि प्रकृति के बीच गार्डनिंग, एक्सरसाइज और पौधों के संरक्षण से जुड़ी एक्टिविटी मन को तरोताजा करती हैं। यह मेंटल हेल्थ के लिए भी उतना ही अच्छा है और मानसिक ऊर्जा भरने का काम करता हैं।
अच्छी सेहत के लिए है निवेश
रिसर्च के मुताबिक अगर लोग स्वयं को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो कुछ समय प्रकृति के साथ बिताना जरूरी है। यह भी अच्छी सेहत के लिए एक तरह का निवेश है, जिसका फायदा मानसिक तौर पर मिलता है।
ग्रुप में समय बताएं
सिविल सर्जन डा. ब्रह्मïदीप ने कहा कि अगर ऐसी जगह पर इंसान ग्रुप के साथ समय बिताता है और अलग-अलग तरह की पॉजिटिव एक्टिविटी करता है तो उससे मेंटल हेल्थ को और अधिक फायदा होता है।