अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो सवार महिला सहित दो लोगों की मौत

पलवल। अलीगढ़ रोड स्थित गांव सिहौल के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो सवार महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चांदहट थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस वाहन चालक का सुराग नहीं लगा पाई है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। जांच अधिकारी जयकिशन के अनुसार गांव चांदहट निवासी दीपक ने शिकायत दर्ज कराई है कि बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उसके पिता शेर सिंह किसी कार्य से ऑटो में सवार होकर शहर के लिए निकले थे। ऑटो में अन्य सवारियां भी मौजूद थी। गांव सिहौल के समीप उनके ऑटो को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ऑटो सवार उनके पिता शेर सिंह और गांव मीसा निवासी रानी गंभीर रूप से घायल हो गई।

आनन-फानन में घायल अवस्था में दोनों को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके पिता शेर सिंह और महिला रानी को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य का इलाज चल रहा है। 
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *