विवाहिता ने जेठ पर लगाया दुष्कर्म के प्रयास का आरोप - Palwal City

विवाहिता ने जेठ पर लगाया दुष्कर्म के प्रयास का आरोप

पलवल। दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने अपने जेठ पर दुष्कर्म की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है।  महिला थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति, ससुर, सास, समेत आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।महिला थाना प्रभारी रजमा देवी के अनुसार एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसका मायका राजस्थान के जिला अलवर के एक गांव में पड़ता है। वर्ष 2012  में  उसकी और उसकी बहन की शादी में हथीन के एक गांव में हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने हैसियत के अनुसार दान दहेज भी दिया था। मगर शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे और उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे और उनके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान कई पंचायतें भी हुई और मगर ससुरालजन अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। ससुराल जनों ने उनकी मां और भाई के साथ मारपीट भी की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पति की गैरमौजूदगी में जेठ द्वारा उसके साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। इसके बाद बीती चार अगस्त को मारपीट कर दोनों बहनों को घर से निकाल दिया गया। दहेज लाने पर ही घर आने को कहा गया और जान से मारने की धमकी दी गई।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *