आंगनबाड़ी वर्कर एंड हेल्पर यूनियक की हड़ताल 46वें दिन भी जारी - Palwal City

आंगनबाड़ी वर्कर एंड हेल्पर यूनियक की हड़ताल 46वें दिन भी जारी

पलवल। आंगनबाड़ी वर्कर एंड हेल्पर यूनियक की हड़ताल 46वें दिन भी जारी रही। शनिवार को बारिश होने के कारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव कुसलीपुर स्थिति गुर्जर धर्मशाला में एकत्रित हुई और धरना दिया। इस अ‍वसर पर मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई। आंगनबाडी कार्यकर्ताओं ने आखरी दम तक आंदोलन चलाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि 24 जनवरी को उपायुक्त कार्यालय पलवल पर जिले के कोने-कोने से हजारों आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पहुंचकर प्रदर्शन करेंगी। जब तक तालमेल कमेटी के साथ बातचीत करके मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरने की अध्यक्षता उर्मिला देवी ने की, जबकि संचालन जिला सचिव शशि देवी ने किया। धरने को संबोधित करते हुए सीआईटीयू के जिला प्रधान श्रीपाल सिंह भाटी,आशा वर्कर यूनियन की जिला प्रधान रामरति चौहान ने कहा कि वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात में ऑनलाइन पूरे देश की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को दिवाली पर तोहफा दिया था

कि कार्यकर्ता को 15 सौ रुपए और सहायक को 750 रुपये दिए जाएंगे। तीन साल गुजर जाने के बाद भी प्रधानमंत्री द्वारा की गई घोषणा को लागू नहीं किया गया है। वहीं 2018 में ही हड़ताल के दौरान मुख्यमंत्री के साथ यूनियनों का समझौता हुआ था। समझौते में खुद मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को को कर्मचारी मानते हुए हरियाणा सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन देने की घोषणा की,

परंतु अपने ही किए हुए समझौते और वादे से हरियाणा के मुख्यमंत्री मुकर गए और बचकाना बात कर रहे हैं कि मुझे मालूम नहीं था कि न्यूनतम वेतन क्या है। प्रदेश के मुख्यमंत्री को न्यूनतम वेतन के बारे में जानकारी न होना, हमारा दुर्भाग्य है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बातचीत करने की बजाय आंगनवाड़ी वर्कर्स की नेतृत्वकारी साथियों को छट्टनी के नोटिस दे रहे हैं। हरियाणा सरकार द्वारा बातचीत की बजाय दमन का रास्ता अपनाया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक भी कार्यकर्ता की छंटनी करने का प्रयास किया तो पूरे प्रदेश के कर्मचारी-मजदूर हड़ताल कर के आंदोलन में कूद पड़ेगे। जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।

धरने को कृष्णा, संगीता, बिमलेश मिंडकोला, माया देवी, सीमा देवी, आशा वर्कर यूनियन की जिला उप प्रधान बाला देवी, राजबाला, पुष्पा, कबीर, सुमन, परसंदी व वीणा ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *