पलवल। घर के अंदर सो रही मानसिक रूप से कमजोर 17 वर्षीय नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की गई। लड़की के पिता ने आरोपी के परिजनों से शिकायत की तो उन्होंने माफी मांग ली। उसके बाद दोबारा आरोपी ने लड़की के साथ छेड़छाड़ की। घरवालों से शिकायत करने पर परिवार के साथ मारपीट की गई। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर रेशम के अनुसार होडल स्थित एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का गुजर बसर करता है।
उसकी चार बेटी हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। 17 वर्षीय छोटी बेटी के दिमागी हालत कमजोर है। बीती 24 फरवरी को वे घर पर सो रहे थे। तभी कॉलोनी निवासी चाहत उनके घर में घुस आया और उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगे। उनके जागने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। उन्होंने आरोपी के परिजनों से शिकायत की, जिसके बाद राजीनामा हो गया। बीती 20 मार्च को आरोपी चाहत दोबारा उनके घर में घुस आया और उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगा। बेटी के शोर मचाने पर उन्होंने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, परंतु आरोपी अपने दोस्त शबनम के घर में घुस गया।
सुबह उन्होंने आरोपियों के परिजनों से शिकायत की तो गुल्ला, चंद्रभान, मोनू, पवन सहित अन्य लोग लाठी-डंडों केे साथ उनके घर में घुस आए और उनके साथ जमकर मारपीट की। आरोपियों ने उसकी बड़ी बेटी व दामाद को भी जमकर पीटा और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।